भजनों की धुन पर झूम उठा मुक्ताकाश मंच, संगीत और भक्ति का दिखा संगम

इंडी मून की भजन जामिंग संध्या में परिंदे बैंड और साधु तिवारी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, स्थानीय कलाकारों ने भी दिखाई प्रतिभा

भोपाल। कभी सितार की मधुर तान तो कभी गिटार की धुन और भजनों के साथ गूंजते राम-शिव के जयकारे। इंडी मून की भजन जामिंग संध्या में मुक्ताकाश मंच संगीत और भक्ति के रंगों से सराबोर हो गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। कई मौकों पर श्रोताओं ने भी कलाकारों के साथ सुर मिलाकर माहौल को संगीतमय बना दिया।

डी मून आर्ट फेस्टिवल के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य आयोजक बिजॉन मंडल के नेतृत्व में हुए आयोजन में इंडी मून के को-फाउंडर योगेंद्र सिंह राजपूत और प्रेजेंटर मुकेश सोलंकी भी मौजूद रहे।

परिंदे बैंड ने भजनों से बांधा समां

संगीतमय संध्या की शुरुआत परिंदे बैंड ने ‘ऐगिरी नंदिनी’ से की। इसके बाद ‘कर्पूर गौरम’, महामृत्युंजय मंत्र, ‘शिव कैलाशों के वासी’, ‘नमो नमो जी शंकरा’, ‘बम लहरी’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम’ और ‘देवा श्री गणेशा’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद कबीर तारकेश्वर ने गिटार पर ‘जरा हल्के गाड़ी हांको’ और ‘गुलाबी आंखें’ सुनाकर संगीत की अलग रंगत पेश की।

साधु तिवारी की भजन जामिंग रही खास आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण साधु तिवारी की प्रस्तुति रही। उन्होंने राम और श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ ‘सीता राम जय जय राम’, ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’, ‘मोरे बांके बिहारी लाल’, ‘अच्युतम केशवं’ और ‘हे नाथ नारायण वासुदेव’ जैसे भजन सुनाए। अपनी रचना ‘बजरंग बाणा’ में सितार और बांसुरी की धुनों के साथ राम नाम का सुंदर मेल प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘जिद पे आ गए पार्वती’, ‘आवा गमन’ और ‘बढ़हसानी की छोड़ी’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूम उठे।

ओपन स्टेज पर स्थानीय कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

मुख्य कार्यक्रम से पहले ओपन स्टेज पर स्थानीय कलाकारों ने कविता, मिमिक्री, स्टैंडअप कॉमेडी, बांसुरी वादन और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। अनुपम शर्मा, अंशुल उपाध्याय, सत्यम गुरु, उत्कर्ष चौरसिया, देवराज प्रजापति और वरुणी शर्मा ने अपनी कला दिखाई। इशिका कौर सोढ़ी ने भी गीत प्रस्तुत किया।

शिवगामी नृत्य संस्था के आठ बच्चों ने गुरु शुभ्रा भाट के मार्गदर्शन में गणेश वंदना प्रस्तुत की। वैष्णवी, आशी तिवारी, अक्षया, आरोही, दिव्या, अविका, लावण्या और कृति की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। आयोजन की व्यवस्थाओं में कोर टीम के मनोज जोशी, मोकल त्रिपाठी, हरिओम तिवारी, चित्रांश और पुनीत का योगदान रहा।

Exit mobile version