जनता क्वार्टर के मलबे से लोहा निकालने पर दो पक्षों में विवाद, जमकर हुई पत्थरबाजी

दोनों पक्षों में मारपीट, पुलिस को नहीं मिली शिकायत
-महिला ने जताया अपने पुराने क्वार्टर के मलबे पर हक

भोपाल, 24 नवंबर. सोमवार को पोकलेन मशीन और बुलडोजर से ढहाए गए ऐशबाग के जनता क्वार्टर के 599 आवासों के मलबे से लोहा, सरिया और अन्य सामान निकालने को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मलबे से दरवाजे, खिड़कियों का लोहा और सरिया निकाल रहे थे। इस पर एक महिला ने विरोध जताया। महिला का कहना था कि जिस जगह से लोग सामान निकाल रहे हैं, वहां उसका क्वार्टर था, इसलिए मलबे पर उसका हक है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग लोहा निकालते रहे, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी। हालांकि, घटना को लेकर किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पवार के अनुसार, पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।
-मलबा और स्क्रैप हाउसिंग बोर्ड की संपत्ति
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार जनता क्वार्टर का निर्माण विभाग ने कराया था। यहां के मूल आवंटियों को पुनर्विकास नीति के तहत मौजूदा मकानों से 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल वाले नए फ्लैट दिए जाएंगे। ऐसे में ध्वस्त मकानों का मलबा और उसमें से निकलने वाला लोहा व अन्य स्क्रैप शासकीय संपत्ति है। इसे बिना अनुमति उठाना या चोरी करना कार्रवाई के दायरे में आएगा। हाउसिंग बोर्ड के आयुक्त गौतम सिंह ने कहा कि जनता क्वार्टर के मलबे से लोहा और अन्य स्क्रैप निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर सुरक्षा बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version