भोपाल। नूतन महाविद्यालय से जुड़े प्राध्यापकों के संगठन ‘नूतन सेकंड इनिंग’ की बैठक भोजपुर क्लब में आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय के पूर्व प्राध्यापकों ने एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक सेवा और समाज विकास के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का संकल्प दोहराया।
बैठक में शामिल सदस्यों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और ऊर्जा समाज के लिए उपयोगी बनी रहे, इसी उद्देश्य से वे विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नूतन महाविद्यालय के विकास और सामाजिक हित के कार्यों में सहयोग जारी रखने पर भी चर्चा हुई।
जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया सेवा का भाव
बैठक की आयोजक डॉ. रश्मि के. द्वारा सामाजिक पहल करते हुए 100 जरूरतमंद बच्चों को भोजन कराया गया। इसके साथ ही बच्चों को बारिश के मौसम को देखते हुए छाते भी वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में डॉ. रेणु विनोद शर्मा ने सहयोग प्रदान किया।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बैठक में उपस्थित 14 सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
भोजपुर क्लब में आयोजित इस बैठक में नूतन महाविद्यालय से जुड़े प्राध्यापकों ने सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। ‘नूतन सेकंड इनिंग’ की यह पहल शिक्षा जगत से जुड़े अनुभवी लोगों को समाज सेवा के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास है।