जनसुनवाई में अभिभावकों का दर्द: गर्मी में स्कूल लगाने का विरोध किया तो बच्चों को टीसी देने का आरोप

ईस्टर्न स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग, एडीएम ने जांच के लिए विभाग को निर्देश दिए
भोपाल। राजधानी की जनसुनवाई में मंगलवार को गांधी नगर और अब्बास नगर स्थित ईस्टर्न स्कूल के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। अभिभावकों का आरोप है कि भीषण गर्मी के दौरान छोटे बच्चों को स्कूल बुलाने का विरोध करने पर स्कूल प्रबंधन ने उनके बच्चों को स्कूल से निकाल दिया और टीसी जारी कर दी।
अभिभावकों ने एडीएम सुमित कुमार पांडेय और अंकुर मेश्राम के सामने अपनी शिकायत रखते हुए कहा कि वे कई बार जनसुनवाई में आ चुके हैं, लेकिन अब तक स्कूल प्रबंधन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अभिभावक नाजिया हसीब, सबीन खान सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने गर्मी की छुट्टियों के दौरान कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को स्कूल बुलाए जाने का विरोध किया था। इसके लिए अभिभावकों ने आपस में एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाकर स्कूल प्रबंधन से छोटे बच्चों की सुरक्षा और गर्मी को देखते हुए स्कूल संचालन रोकने की मांग की थी।
विरोध के बाद बच्चों को हटाने का आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि इसी विरोध के बाद स्कूल प्रबंधन और हेड फराज अहमद ने स्कूल के नियमों का उल्लंघन करने का हवाला देते हुए बच्चों को स्कूल से निकाल दिया। अभिभावकों के अनुसार उन्हें ई-मेल के माध्यम से भी आपत्तिजनक भाषा में जवाब दिया गया और मानसिक रूप से परेशान किया गया।
उन्होंने बताया कि 15 जून को जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्हें स्कूल वाहन में बैठाने से भी मना कर दिया गया।
पहले भी कर चुके हैं शिकायत
अभिभावकों का कहना है कि वे मई माह में आयोजित जनसुनवाई में भी स्कूल प्रबंधन की शिकायत कर चुके हैं। अधिकारियों द्वारा हर बार जिला शिक्षा अधिकारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन अभी तक जांच आगे नहीं बढ़ी है।
जनसुनवाई में अधिकारियों ने अभिभावकों की शिकायत सुनकर संबंधित विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जनसुनवाई में 216 आवेदन पहुंचे, विभागों को कार्रवाई के निर्देश
भोपाल में आयोजित जनसुनवाई में कुल 216 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। एडीएम सुमित कुमार पांडेय, अंकुर मेश्राम और प्रकाश नायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया।
8 से 10 महीने से गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत
बैरसिया क्षेत्र के निवासी उमाशंकर मैथिल ने इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 8 से 10 महीने से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया गया और उनका कनेक्शन भी बंद कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि सिलेंडर नहीं मिलने के कारण परिवार को खाना बनाने में परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कोलार कॉलोनी में आवारा कुत्तों से परेशान रहवासी
जल संसाधन विभाग की कोलार कॉलोनी निवासी शीमल मेश्राम ने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है और कई लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
शिकायत में कहा गया कि बच्चों का घर से बाहर निकलना और खेलना मुश्किल हो गया है। रहवासियों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और पुनर्वास की मांग की है। अधिकारियों ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरकारी जमीन पर कब्जे और मुरम खनन की शिकायत
हुजूर तहसील क्षेत्र के निवासी राजेश मीना ने ग्राम गुनगा स्थित सरकारी भूमि पर कथित कब्जे और अवैध मुरम खनन की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है और पूर्व शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित लोगों पर सरकारी भूमि पर खनन गतिविधियों के लिए आवेदन लगाने और शिकायत करने पर धमकी देने के आरोप भी लगाए।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी जमीन से कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
L
बिना नोटिस भूमि बंटवारे की कार्रवाई का आरोप
बैरसिया तहसील के कोलूखेड़ी निवासी रमो बाई ने नायब तहसीलदार और हल्का पटवारी पर बिना सूचना दिए भूमि बंटवारे की कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित प्रकरण में उन्हें और उनके वकील को कोई नोटिस नहीं दिया गया, इसके बावजूद उनकी सहमति के बिना रिपोर्ट तैयार कर बंटवारे का आदेश जारी कर दिया गया।
रमो बाई ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।





