प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी भोपाल पहुंचकर एनएचएम कार्यालय के सामने देंगे धरना, वेतन कटौती और ईपीएफ में अनियमितताओं की जांच की मांग
भोपाल। लंबित वेतन भुगतान, जॉब सिक्योरिटी और नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर मध्यप्रदेश के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी 15 दिसंबर को राजधानी में प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी भोपाल पहुंचेंगे और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय के सामने धरना देकर हल्ला बोल प्रदर्शन करेंगे।
संघ का दावा है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में 30 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी दिन-रात 10 से 12 घंटे तक मरीजों की सेवा कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कई कर्मचारी महीनों से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। संघ का आरोप है कि शासन की निर्धारित अर्द्धकुशल श्रमिक दर 13,571 रुपए होने के बावजूद अलग-अलग जिलों में कर्मचारियों को 6,500 से 11 हजार रुपए तक ही वेतन दिया जा रहा है। यानी कुछ कर्मचारियों को निर्धारित बताई गई दर से 5 से 6 हजार रुपए तक कम भुगतान हो रहा है।
संघ अध्यक्ष कोमल सिंह के अनुसार, 13 अगस्त 2019 को एनएचएम से हटाए गए करीब 2,500 सपोर्ट स्टाफ कर्मचारियों को आउटसोर्स व्यवस्था के तहत रखा गया था। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2024-25 में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने करीब 18 हजार मल्टी टास्क वर्कर (एमटीएस) की नियुक्ति आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से की। इनकी तैनाती जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक की गई।
संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को दस्तावेजों के साथ शिकायत देकर वेतन भुगतान, ईपीएफ और एजेंसियों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संघ का आरोप है कि निजी एजेंसियों की मनमानी और कथित कमीशनखोरी के कारण कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिल रहा है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। संघ ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने और गड़बड़ी प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ईपीएफ से जुड़ी अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई है।
