इंदौर पुलिस की चार बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा

अस्पताल में अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी गई एक लाख रुपए की राशि वापस कराई, दिल्ली में 5.50 लाख की धोखाधड़ी के चार आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। साइबर अपराधों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने चार अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर ठगी गई एक लाख रुपए की पूरी राशि पीड़िता को वापस कराई। वहीं, म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दिल्ली में 5.50 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में फरार चार आरोपियों को भी इंदौर से पकड़ा गया है।

पहले मामले में इंदौर की एक महिला ने सीएचएल अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर संपर्क नंबर खोजा था। इस नंबर पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल से जुड़ा बताया और अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर फर्जी लिंक भेज दी। लिंक पर प्रक्रिया पूरी करने के दौरान महिला के खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश के बाद पूरी राशि महिला को वापस दिलाई गई।

10 हजार रुपए के लालच में बैंक खाते दिए

पुलिस ने OPERATION MATRIX के तहत म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि इंदौर निवासी अंशु ने 10 हजार रुपए के लालच में अपना फेडरल बैंक खाता रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा (28) को सौंप दिया था। आरोपी इसी तरह अन्य लोगों के खाते भी हासिल कर साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करता था। इस खाते के संबंध में तमिलनाडु के कल्लाकुरिची और तेलंगाना के मलकाजगिरी में भी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।

एक अन्य मामले में लसूड़िया पुलिस ने मंदसौर निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया। उस पर दूसरे व्यक्ति के नाम से खुले बैंक ऑफ इंडिया के करंट खाते का संचालन कर उसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।

दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई

दिल्ली में 5.50 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में फरार चार आरोपियों को दिल्ली और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने लसूड़िया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अस्पतालों के संपर्क नंबर आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें और अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या चेकबुक किसी को इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर जानकारी दें।

Exit mobile version