State

बाइक रैली के साथ न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह का समापन

भोपाल, नवंबर. न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह 2026 का समापन शुक्रवार को विधिक जागरूकता बाइक रैली के आयोजन के साथ हुआ। रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, डिफेंस काउंसिल, पैरालीगल वॉलंटियर्स, विधि विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 14 से 20 नवंबर तक आयोजित सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की गईं। रैली के माध्यम से आमजन को नि:शुल्क विधिक सहायता, संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि विधिक जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करना है। रैली में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने भी सहभागिता की। इस दौरान नि:शुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 का प्रचार किया गया और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles