State

तलैया थाने के लॉकअप से विदेशी नागरिक फरार, लुक आउट नोटिस जारी

भोपाल। तलैया थाने के लॉकअप से पासपोर्ट संबंधी मामले में डिटेंशन पर रखा गया विदेशी नागरिक सैमुअल शुक्रवार सुबह फरार हो गया। घटना की पुष्टि एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने की है। पुलिस ने फरार नागरिक की तलाश शुरू कर दी है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है। एसीपी संतोष पटेल के मुताबिक, विदेशी नागरिक सैमुअल को पासपोर्ट से जुड़े मामले में तलैया थाने में डिटेंशन पर रखा गया था। शुक्रवार सुबह वह थाने के लॉकअप से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और उसकी तलाश के लिए टीमों को लगाया गया। थाने के लॉकअप से विदेशी नागरिक के फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लॉकअप में बंद व्यक्ति की निगरानी में चूक कैसे हुई और घटना के समय ड्यूटी पर कौन-कौन पुलिसकर्मी मौजूद थे, इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles