State

जेल में बंद छात्र की मौत, शव स्ट्रेचर पर रखकर सीएम हाउस के पास चक्काजाम

-परिजनों ने जेल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
-जेल अधीक्षक और जेलर पर कार्रवाई की मांग

भोपाल, 20 नवंबर. भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपने में देरी और पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज परिजन शव स्ट्रेचर पर रखकर सीएम हाउस की ओर बढ़े। करीब 400 मीटर पहले चक्काजाम कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पॉलिटेक्निक से न्यू मार्केट की ओर बढ़े और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन खत्म होने के बाद यातायात सामान्य हुआ। हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट और लूटपाट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जेल में तबीयत बिगडऩे के बावजूद उसे समय पर इलाज नहीं मिला। जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते थे और अस्पताल भेजने की मांग पर भी ध्यान नहीं दिया गया। हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने बताया कि कुछ दिन पहले जेल में मिलने पर वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। उसने डॉक्टरों पर इलाज के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया था। परिजनों ने कई बार आवेदन देकर अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की थी। पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान का आरोप है कि जेल प्रशासन ने कोर्ट को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई और शव लापरवाही से सौंपा। उन्होंने जेल अधीक्षक और जेलर की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर हर्षित के पैरों में बेडिय़ां होने पर भी परिजनों ने सवाल उठाए।

Related Articles