State

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी के निर्देश

विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर मेहनत करने की सलाह

भोपाल, 20 नवंबर. मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को राजगढ़ जिले के कुरावर और ग्राम पंचायत माना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सांदीपनि विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी और ग्राम पंचायत में संचालित योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। संभागायुक्त ने सांदीपनि विद्यालय कुरावर में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और कक्षा 9वीं से ही उसकी तैयारी शुरू करें। नियमित दिनचर्या अपनाने, समय पर सोने-जागने और मोबाइल व टीवी के अनावश्यक उपयोग से बचने की बात भी कही।
-हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी
संभागायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावर में प्रसव व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय से काम करने तथा महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और फॉलोअप करने को कहा।
-नए मतदाताओं के पंजीयन पर जोर
ग्राम पंचायत माना में संभागायुक्त ने मतदाता सूची में नए नाम जोडऩे, आंगनवाड़ी में बच्चों के पोषण स्तर की निगरानी, स्वच्छता, कचरा संग्रहण, मनरेगा कार्यों और राशन वितरण की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नवीन आंगनवाड़ी केंद्र और सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

Related Articles