21 जून को होगी NEET परीक्षा, दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश; मोबाइल सहित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स प्रतिबंधित
भोपाल, 19 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का आयोजन 21 जून रविवार को किया जाएगा। परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दिवस की समय-सारिणी, प्रवेश प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एनटीए के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा और दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय भी दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं पात्र दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को नियमानुसार 65 मिनट का प्रतिपूरक समय दिया जाएगा, जिसके चलते उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक संचालित होगी।
प्रवेश के लिए ये दस्तावेज जरूरी
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय प्रवेश पत्र की मूल प्रिंट प्रति, एक वैध फोटो पहचान पत्र, दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ और प्रवेश पत्र पर निर्धारित प्रारूप में चिपकाई गई पोस्टकार्ड आकार की फोटो अनिवार्य रूप से लानी होगी।
परीक्षा केंद्र पर प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षा जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और पंजीकरण प्रक्रिया से गुजरना होगा।
मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, कैमरा, रिकॉर्डिंग उपकरण सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा पुस्तकें, नोट्स, लिखित सामग्री, हैंडबैग, पर्स, आभूषण, खाद्य सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उत्तर अंकन के लिए आवश्यक बॉल प्वाइंट पेन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
ड्रेस कोड का पालन करना होगा
एनटीए ने अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के सामान्य वस्त्र पहनने की सलाह दी गई है।
मोटे कपड़े, बड़े बटन वाले परिधान, अधिक जेब वाले कपड़े, आभूषण, घड़ी, बेल्ट और अन्य ऐसी वस्तुओं से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे सुरक्षा जांच प्रभावित हो सकती है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि प्रवेश, सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें।