State

बारिश और बाढ़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने नगर निगम भोपाल तैयार, 24 घंटे संचालित होंगे नियंत्रण कक्ष

भोपाल। मानसून के दौरान तेज बारिश, आंधी, जलभराव और बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर निगम भोपाल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नागरिकों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम प्रशासन ने मुख्य आपात नियंत्रण कक्ष के साथ सभी 21 जोन कार्यालयों में जोन स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार मुख्य आपात नियंत्रण कक्ष यातायात पार्क स्थित फायर ब्रिगेड मुख्यालय में संचालित होगा। यह नियंत्रण कक्ष 15 जून 2026 से अवकाश सहित प्रतिदिन 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

फायर ब्रिगेड मुख्यालय में मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित

मुख्य आपात नियंत्रण कक्ष के लिए दूरभाष क्रमांक 0755-2542222, 0755-2540220 एवं 0755-2701401 जारी किए गए हैं। यहां फायर ऑफिसर श्री सौरभ पटेल को प्रभारी एवं नोडल अधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा केंद्रीय कर्मशाला में भी आपात नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी प्रभारी केंद्रीय कर्मशाला श्री विजय गोयल को सौंपी गई है। निगम प्रशासन ने इन नियंत्रण कक्षों में अलग-अलग शिफ्ट में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की है, ताकि किसी भी समय मिलने वाली सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

हर जोन में तैनात रहेंगे अधिकारी

नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में स्थापित नियंत्रण कक्षों की जिम्मेदारी संबंधित जोनल अधिकारियों को दी गई है। जोनल अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर स्वच्छता, जलकार्य और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाए रखेंगे।

जोन स्तर पर नियंत्रण कक्षों की निगरानी संबंधित जोनल अधिकारी करेंगे, जिनमें सभी 21 जोनों के अधिकारी शामिल हैं। इन्हें अपने-अपने क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव, नालियों की स्थिति, सफाई व्यवस्था, पेड़ गिरने और अन्य आपात समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जेसीबी, पंप और रेस्क्यू संसाधन रहेंगे उपलब्ध

नगर निगम ने आपात परिस्थितियों के लिए मुख्य नियंत्रण कक्ष में चार जेसीबी मशीनें 24 घंटे उपलब्ध रखने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही फायरमैन, तैराक, गोताखोर, इमरजेंसी लाइट, डीवाटरिंग पंप और फ्लड लाइट जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

तेज बारिश के दौरान नगर निगम के प्रमुख विभागों के अधिकारी लगातार नियंत्रण कक्ष के संपर्क में रहेंगे। इनमें अधीक्षण यंत्री (सिविल), स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निवेशक और अतिक्रमण विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

केंद्रीय कर्मशाला में रहेंगे ट्रक और श्रमिक

बारिश के कारण सड़क पर जमा मलबा हटाने और आपात कार्यों के लिए केंद्रीय कर्मशाला के नियंत्रण कक्ष में चार ट्रक और प्रत्येक ट्रक पर पांच श्रमिक 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। अत्यधिक बारिश की स्थिति में यांत्रिक विभाग, उद्यान शाखा, विद्युत शाखा और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को भी सक्रिय रखा जाएगा।

स्ट्रीट लाइट और विद्युत शिकायतों के लिए हेल्पलाइन

सार्वजनिक मार्गों और गलियों में स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत के लिए नागरिक कॉल सेंटर नंबर 0755-2459991 पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। अधिक वर्षा की संभावना के दौरान विद्युत नियंत्रण कक्ष सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक संचालित रहेगा और शिकायतों का निराकरण मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के सहयोग से किया जाएगा।

पेड़ गिरने और जलभराव की स्थिति पर रहेगी विशेष निगरानी

आंधी और बारिश के दौरान सड़कों पर गिरने वाले पेड़ों को हटाने के लिए उद्यान विभाग के कर्मचारियों को मुख्य नियंत्रण कक्ष से जोड़ा गया है। वहीं, होर्डिंग्स से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक और स्वच्छता प्रभारियों की तैनाती की जाएगी।

नगर निगम ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरे वर्षाकाल में अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर सेवाओं का समन्वय बनाए रखें। बाढ़ की स्थिति बनने पर निचली बस्तियों को खाली कराने, अस्थायी राहत शिविरों की व्यवस्था करने और जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्षों को दें, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

Related Articles