भोपाल। मप्र संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कर संविदा नीति में संशोधन की मांग की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को राम नाम का अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि प्रदेश के 54 विभागों में संविदा कर्मचारी 25 से 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। महासंघ ने 22 जुलाई 2023 की संविदा नीति की विसंगतियां दूर कर वरिष्ठता के आधार पर नियमित रिक्त पदों पर संविलयन, वेतन निर्धारण, समयमान वेतनमान, पदोन्नति और क्रमोन्नति का लाभ देने की मांग की। साथ ही नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, साल में दो इंक्रीमेंट, महिला कर्मचारियों को संतान पालन अवकाश और सेवा निवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने की मांग रखी। महासंघ ने वार्षिक संविदा नवीनीकरण बंद कर स्थायी दर्जा देने की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने समस्याओं का परीक्षण कर निराकरण का आश्वासन दिया।
संविदा नीति-2022 में संशोधन की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
