मप्र अपराधियों की शरणस्थली बन गया, सरकार चार ‘क’ कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम पर चल रही: जीतू पटवारी

विदिशा में नाबालिग बच्चियों से जुड़ी घटनाओं पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा, बोले- मामले को विधानसभा में उठाएंगे
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश अपराधियों की शरणस्थली बनता जा रहा है। प्रदेश सरकार चार ‘क’ यानी कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम पर चल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के मामले में सरकार जवाबदेही से बच नहीं सकती।
17 नवंबर को विदिशा में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में हर घंटे एक बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना होती है। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा का सवाल है।
पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान 18 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें बताना चाहिए कि उस दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिनके पास गृह विभाग भी है, से प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर जवाब मांगा।
एफआईआर में देरी और जांच पर उठाए सवाल
विदिशा की घटनाओं का जिक्र करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि एक मामले में एफआईआर दर्ज करने में 48 घंटे लग गए। उनके मुताबिक, पीड़ित परिवार ने मुलाकात के दौरान बताया कि बच्ची ने चार लोगों की ओर संकेत किया था, जबकि पुलिस की कार्रवाई एक व्यक्ति तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने मामले में एक डॉक्टर को हिरासत में लिए जाने की जानकारी का भी उल्लेख किया और वीडियो फुटेज सहित सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की बात करती है, तो दोनों मामलों में एक जैसी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। पटवारी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और किसी निर्दोष के खिलाफ भी बिना प्रमाण कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
52 तरह के माफिया सक्रिय होने का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया गतिविधियां बढ़ रही हैं और 52 तरह के माफियाओं की सरकार में पकड़ है। उन्होंने अवैध शराब और नशे के कारोबार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गांवों और मोहल्लों में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम अपराधों में सामने आने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की।
लाड़ली बहना योजना पर भी सरकार को घेरा
पटवारी ने लाड़ली बहना योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को तीन हजार रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन अभी राशि 1500 रुपए है। उन्होंने नए पंजीयन बंद होने और योजना का लाभ सीमित महिलाओं तक पहुंचने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार को किसान, युवा और महिला विरोधी बताते हुए उसकी नीतियों पर सवाल उठाए।
पटवारी ने कहा कि विदिशा की घटनाओं को कांग्रेस विधानसभा में उठाएगी। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से चर्चा की गई है। कांग्रेस पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस, प्रशासन या राजनीतिक स्तर पर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जाती है, तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी। पार्टी का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाना और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है।





