State

कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच के लिए संयुक्त टीम गठित, एमपी नगर सहित पूरे शहर में होगी जांच

फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की होगी पड़ताल

भोपाल। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए हादसे के बाद भोपाल प्रशासन ने शहर के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कोचिंग सेंटरों की जांच के लिए संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए।

यह टीम शहर के सभी कोचिंग संस्थानों, विशेषकर एमपी नगर क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेगी। जांच का नेतृत्व एसडीएम एमपी नगर करेंगे।

प्रशासन, निगम और पुलिस अधिकारी रहेंगे टीम में शामिल

कलेक्टर द्वारा गठित संयुक्त जांच दल में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ नगर निगम के फायर अधिकारी, विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त को शामिल किया गया है।

टीम को निर्देश दिए गए हैं कि कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा सहित सभी जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाए। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आपातकालीन निकासी और भवन सुरक्षा पर रहेगा फोकस

प्रशासन का मुख्य फोकस छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जांच के दौरान कोचिंग भवनों की संरचनात्मक मजबूती, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन निकासी मार्गों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

इसके अलावा टीम यह भी देखेगी कि—

कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध हैं या नहीं।

फायर सेफ्टी उपकरण सही स्थिति में काम कर रहे हैं या नहीं।

भवन में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था है या नहीं।

आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए सुरक्षित रास्ते उपलब्ध हैं या नहीं।

छात्रों की संख्या के अनुसार भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था है या नहीं।

औचक निरीक्षण कर तैयार होगी रिपोर्ट

प्रशासन के अनुसार, जांच दल द्वारा कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर सुधार के निर्देश दिए जाएंगे और लापरवाही बरतने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कोचिंग संस्थान में सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles