आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन, विज्ञान और योग के समन्वय से विद्यार्थियों ने समझे स्वास्थ्य के सूत्र
भोपाल। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 19 से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ योग के महत्व को समझाना रहा।
इस अवसर पर केन्द्र परिसर में कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें योग की विभिन्न मुद्राओं, उनके लाभ और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी के समक्ष आगंतुकों और प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया तथा योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं को समझा।
STEM आधारित योग एवं गणितीय गतिविधियों से विद्यार्थियों ने सीखा योग का विज्ञान
19 जून को विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए “STEM आधारित योग एवं गणितीय गतिविधियां” विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने योगासन से जुड़े गणितीय सिद्धांतों और अवधारणाओं को समझते हुए गतिविधि किट तैयार की।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के साथ योग अभ्यास के संबंध को समझने का अवसर मिला। इसमें कुल 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए चित्रात्मक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से विभिन्न योगासनों की पहचान की। प्रतियोगिता में कुल 51 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
योग आधारित फिल्मों और वीडियो के माध्यम से कराया अभ्यास
20 जून को केन्द्र में योग आधारित फिल्मों और वीडियो का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों ने वीडियो में दिखाए गए योगाभ्यासों का अनुसरण करते हुए सामूहिक रूप से विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस सत्र में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को द्वारा के सहयोग से अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रायोगिक योग सत्र आयोजित किया गया।
आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल ने उपग्रह इकाई के रूप में इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। केन्द्र के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऑनलाइन सत्र में शामिल होकर विभिन्न योगाभ्यास किए और सामूहिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया।
कार्यक्रम के दौरान योग को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया गया। विज्ञान एवं योग के इस समन्वित आयोजन ने विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।