State

10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने के निर्देश, गंदगी फैलाने पर 11 लोगों पर जुर्माना

भोपाल। शहर के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार रात निगम उपायुक्त चंचलेश गिरहारे ने 10 नंबर मार्केट का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों को दुकानों का सामान निर्धारित सीमा में रखने, कॉरिडोर खाली रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की समझाइश दी।

उपायुक्त ने दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य करने और सड़कों व मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। ट्रांसफार्मर के पास दुकान लगाने वाले व्यापारियों को सुरक्षा के लिहाज से निर्धारित सीमा में ही सामान रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।

समझाइश के बाद भी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। निगम अमले ने 11 प्रकरणों में कुल 6,200 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला। निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन सफाई प्रभारी नीतिश मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी वासुदेव उदेनिया और अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी नासिर खान मौजूद थे।

Related Articles