27 नवंबर से 2 दिसंबर तक सुझावों पर होगी सुनवाई
-अब तक 6300 लोगों की आपत्तियों पर हुई सुनवाई
-बुधवार को बुलाए 1000 आपत्तिकर्ता
-ऑनलाइन होगी 3500 आपत्तियों की सुनवाई
भोपाल, 24 नवंबर. मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आए दावे-आपत्तियों की सुनवाई मंगलवार को गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व का अवकाश होने के कारण नहीं हो सकी. लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में सुनवाई के लिए लगाया गया टेंट दिनभर खाली पड़ा रहा. अब बुधवार सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक सुनवाई होगी. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने इसके लिए एक हजार आपत्तिकर्ताओं को बुलाया है. इसमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रस्तावित सडक़ों और मास्टर प्लान के प्रावधानों पर आए सुझावों और आपत्तियों को सुना जाएगा. आपत्तिकर्ता टीएंडसीपी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रख सकेंगे.
-अब तक 6300 आपत्तिकर्ताओं की सुनवाई
16 नवंबर से अवकाश के दिनों को छोडक़र लगातार दावे-आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है. अब तक नौ दिनों में 6300 आपत्तिकर्ताओं की सुनवाई हो चुकी है. इनमें ज्यादातर व्यवसायी और किसान शामिल हैं. किसानों ने अपनी कृषि भूमि को कैचमेंट और ग्रीन बेल्ट में शामिल करने के प्रावधानों को हटाने की मांग की है. वहीं, व्यवसायियों ने सडक़ों की प्रस्तावित चौड़ाई के आधार पर कारोबार के लिए तय किए गए प्रावधानों पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि जो व्यवसाय जिस स्थान पर पहले से संचालित हो रहा है, उसे वहीं जारी रखने की अनुमति मिलनी चाहिए. इसके अलावा अरेरा कॉलोनी ई-1 से ई-5 तक व्यावसायिक गतिविधियों के प्रस्ताव का रहवासी विरोध कर रहे हैं. उनकी मांग है कि कॉलोनी में व्यावसायिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए.
-2 दिसंबर तक ऑफलाइन सुनवाई
हुजूर तहसील कार्यालय में 2 दिसंबर तक ऑफलाइन आए दावे-आपत्तियों की सुनवाई होगी. जो आपत्तिकर्ता निर्धारित तारीख पर नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें भी 2 दिसंबर तक अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा. इसके बाद 4 दिसंबर से टीएंडसीपी कार्यालय में ऑनलाइन आई आपत्तियों की सुनवाई शुरू होगी. कुल 13,400 दावे-आपत्तियों में से करीब 3500 ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं. टीएंडसीपी के उप संचालक हरिओम महेश्वरी ने बताया कि आपत्तिकर्ताओं को अलग-अलग दिन बुलाकर नियमानुसार सुनवाई की जा रही है. बुधवार को एक हजार लोगों को बुलाया गया है.
