State

जनकल्याण शिविरों से शासन पहुंच रहा जनता के द्वार, सैकड़ों आवेदनों का हुआ निराकरण : गोविंद सिंह राजपूत

जैसीनगर/भोपाल। जनकल्याण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर के समापन अवसर पर कही।

मंत्री राजपूत ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और खाद्य विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए और बच्चों को साइकिलें भी प्रदान की गईं।

विकसित भारत के संकल्प को मजबूत कर रहे जनकल्याण शिविर

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, गरीब कल्याण अन्न योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मध्यप्रदेश में जनकल्याण को मिल रही गति

मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दी जा रही है। लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार योजनाओं और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करती है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जैसीनगर में जल्द लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने घोषणा की कि जैसीनगर क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जल्द ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र रोगों की जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प और मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जनकल्याण शिविरों का आयोजन आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles