State

भोपाल में राजस्व निरीक्षकों की पदोन्नति की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भोपाल। मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ, जिला भोपाल ने राजस्व निरीक्षकों को नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर पदोन्नति देने की मांग की है। संघ ने इस संबंध में कलेक्टर भोपाल को ज्ञापन सौंपकर शासन से पदोन्नति प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।

संघ के अनुसार प्रदेश में सीमित भर्ती परीक्षा के पदों को छोड़कर नायब तहसीलदार के 538 सीधी भर्ती और 22 राजस्व निरीक्षक पदोन्नति के पद रिक्त हैं। वहीं नायब तहसीलदार (भू-संसाधन प्रबंधन) के 69 सीधी भर्ती और 43 पद राजस्व निरीक्षकों की पदोन्नति के लिए रिक्त हैं। इस तरह कुल 672 पद रिक्त बताए गए हैं।

राजस्व निरीक्षक संघ ने मांग की है कि एक बार सीधी भर्ती के पदों को रोककर रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति की जाए। संघ का कहना है कि इससे वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को लाभ मिलेगा और अनुभवी कर्मचारियों को नायब तहसीलदार के रूप में जिम्मेदारी दी जा सकेगी।

ज्ञापन में वरिष्ठता सूची की विसंगतियां दूर करने, पदोन्नति के बाद शेष कर्मचारियों के लिए स्टेशनरी और सर्किल भत्ता बढ़ाने तथा आवश्यकता होने पर नायब तहसीलदार के सीधी भर्ती पदों में 75 प्रतिशत पदोन्नति कोटा निर्धारित करने की मांग भी की गई है।

Related Articles