भोपाल जिला स्तरीय पर्यटन क्विज में शासकीय कन्या संस्कृत विद्यालय भेल बरखेड़ा प्रथम

238 टीमों के 714 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, सागर पब्लिक स्कूल साकेत नगर दूसरे और रोहित नगर तीसरे स्थान पर
भोपाल, 11 अगस्त 2026। भोपाल के टीआईटी कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में जिले की 238 टीमों के 714 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का पहला चरण लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित हुआ। इसमें सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली छह टीमों का चयन मुख्य मल्टीमीडिया क्विज राउंड के लिए किया गया। अंतिम चरण में मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, इतिहास और लोक संस्कृति से जुड़े सवाल ऑडियो-विजुअल माध्यम से पूछे गए।
रोमांचक मुकाबले के बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या संस्कृत विद्यालय भेल बरखेड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सागर पब्लिक स्कूल, साकेत नगर दूसरे और सागर पब्लिक स्कूल, रोहित नगर तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर ने चौथा, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ी जहांगीराबाद ने पांचवां और सागर पब्लिक स्कूल, गांधीनगर ने छठा स्थान प्राप्त किया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्रीमती ईला तिवारी रहीं। इसके अलावा पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य, जिला पंचायत भोपाल के संयुक्त सचिव संदीप श्रीवास्तव, क्विज मास्टर सुनीता तोमर, पर्यटन क्विज के राज्य समन्वयक रविकांत ठाकुर और प्रदीप सेन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मध्यप्रदेश की पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। प्रस्तुतियों से परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से परिचित कराना है।




