State

सैंडविच में कीड़ा मिलने की शिकायत पर शर्मा-विष्णु चाइनीज पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

मैदा और ब्रेड के सैंपल जांच के लिए भेजे, पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था नहीं मिलने पर नोटिस जारी

भोपाल। राजधानी के माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा में संचालित शर्मा-विष्णु चाइनीज रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई की। सैंडविच में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद पहुंची टीम ने मौके से मैदा और ब्रेड के सैंपल लेकर जांच के लिए ईदगाह हिल्स स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं।

कार्रवाई जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों के अनुसार अशोक गार्डन निवासी शोभा अहिरवार ने शिकायत की थी कि रेस्टोरेंट से लिए गए सैंडविच में कीड़ा मिला है। शिकायतकर्ता ने इसके फोटो और वीडियो भी खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध कराए थे। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

रेस्टोरेंट में नहीं मिली पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने रेस्टोरेंट के किचन और खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार मौके पर पेस्ट कंट्रोल की नियमित व्यवस्था नहीं मिली। इस पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ताप्ती रेस्टोरेंट और सागर गैरे आउटलेट की भी जांच

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शहर के अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की। न्यू मार्केट स्थित ताप्ती रेस्टोरेंट के किचन, खाद्य सामग्री की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता मानकों का निरीक्षण किया गया।

इसके बाद 11 नंबर स्थित सागर गैरे के आउटलेट पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के रखरखाव, गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। टीम ने वहां से भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।

वहीं 11 नंबर स्थित गोकुल स्वीट्स पर अचानक निरीक्षण कर मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के निर्माण, गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों को परखा गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि जिन प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए हैं, उनकी प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles