गोपाल डेयरी से 60 किलो पनीर जब्त, खाद्य विभाग ने लिए नमूने

भोपाल। मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को भोपाल में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सोनागिरि स्थित गोपाल डेयरी से 60 किलो पनीर जब्त किया गया। पनीर की कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीहोर से एनालॉग पनीर गोपाल डेयरी, सोनागिरि में बिक्री के लिए लाया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने डेयरी पर पहुंचकर जांच की। मौके पर करीब 60 किलो पनीर मिला। पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप पर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसका नमूना जांच के लिए लिया गया और पूरा पनीर जब्त कर लिया गया। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्वालिटी स्वीट्स से केक का नमूना
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोनागिरि-रायसेन रोड स्थित क्वालिटी स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां से केक का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा बांके बिहारी जनरल स्टोर से इडली इंस्टेंट मिक्स का नमूना लिया गया।
विभाग की टीम ने NKK Foods, बृजराज सुपर स्टोर, शिखा ग्रीन्स, अर्बन बेकरी और राम एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। कोलार और बावड़िया कलां क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी लिए गए नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि एनालॉग पनीर समेत संदिग्ध खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





