रेत-गिट्टी के दो डंपर जब्त
-निगम आयुक्त ने शहर का किया निरीक्षण
भोपाल, 24 नवंबर. शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर मंगलवार को निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान गुलमोहर क्षेत्र में खाली प्लॉटों और अन्य स्थानों पर कचरा, गंदगी तथा निर्माण एवं तोडफ़ोड़ का मलबा पड़ा. जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई. उनके निर्देश पर निगम के जोन-10 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए 31,800 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला. साथ ही एक डंपर रेत और एक डंपर गिट्टी जब्त की. आयुक्त ने चार इमली, हबीबगंज थाना, प्रशासन अकादमी, मनीषा मार्केट, शैतान सिंह चौराहा, गुलमोहर और त्रिलंगा का भी निरीक्षण किया. मनीषा मार्केट तिराहे पर सुलभ जनसुविधा केंद्र की पुताई कराकर उसे व्यवस्थित करने और बस स्टॉप पर बेंच लगाने के निर्देश दिए. बस स्टॉप के पास वाइन शॉप के आसपास पानी के पाउच, खाली बोतलें और गंदगी मिलने पर संचालक पर जुर्माना लगाने को कहा. सडक़ किनारे दुकान लगाने वालों को भी पीछे हटने और अपने प्रतिष्ठानों के सामने सफाई रखने के निर्देश दिए. वार्ड-51 के वेंकटेश नगर के पास सडक़ पर धूल-मिट्टी मिलने पर संबंधित दरोगा को पानी का छिडक़ाव कराने और दोनों ओर सफाई के निर्देश दिए. सडक़ किनारे कच्ची जमीन पर पेविंग ब्लॉक लगाने, रोटरी की सफाई और पौधारोपण कराने को भी कहा. रेडिसन होटल के सामने रेत-गिट्टी की दुकानें हटाने और झाडिय़ों की छंटाई के निर्देश दिए. निर्माणाधीन फाउंटेन को पार्क में शिफ्ट करने को भी कहा.
-खाली प्लॉटों पर लगेगा जुर्माना
गुलमोहर की सागर पैराडाइज कॉलोनी में रहवासियों ने अधूरी सीवेज लाइन और सडक़ का रेस्टोरेशन नहीं होने की शिकायत की. आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को अधूरे काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए. खाली प्लॉटों को कवर नहीं करने और पार्कों में गंदगी की शिकायत पर भूखंड मालिकों को नोटिस देने तथा जुर्माना लगाने को कहा. उन्होंने रहवासियों से सहयोग कर कॉलोनी को जीरो वेस्ट मॉडल बनाने की अपील भी की.
