State

आबकारी विभाग की कार्रवाई: चंदुखेड़ी में 54 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा गया

भोपाल। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चंदुखेड़ी में छापेमारी कर करीब 54 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपए बताई गई है।

यह कार्रवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में, सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन और नियंत्रण कक्ष प्रभारी आरजी भदौरिया के नेतृत्व में की गई।

आबकारी नियंत्रक दल को मुखबिर से ग्राम चंदुखेड़ी में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने देर रात दबिश देकर मौके से अवैध शराब बरामद की। मामले में आरोपी सौरव कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अधिकारियों के अनुसार, अपराध गैर जमानती होने के कारण आरोपी सौरव कुमार को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी अजमल मीणा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति शैलेन्द्र, विवेक सक्सेना, सुरेन्द्र कुमार देवांगन, उप निरीक्षक स्वाति बघेल सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles