State

ECINET App: 10.80 करोड़ यूजर्स ने डाउनलोड किया ऐप, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी चुनाव से जुड़ी सेवाएं

भोपाल, 10 अगस्त 2026। भारत निर्वाचन आयोग का एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। निर्वाचन आयोग के अनुसार अब तक करीब 10 करोड़ 80 लाख यूजर्स ECINET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर चुके हैं। इस प्लेटफॉर्म पर मतदाता पंजीकरण से लेकर वोटर लिस्ट में नाम खोजने, e-EPIC डाउनलोड करने, शिकायत दर्ज कराने और चुनावी जानकारी प्राप्त करने जैसी प्रमुख सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं।

ECINET को चुनाव से जुड़ी अलग-अलग डिजिटल सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसका विकास मई 2025 में घोषित किया गया था और 22 जनवरी 2026 को दिल्ली में इसका शुभारंभ किया गया।

22 भाषाओं में उपलब्ध है ECINET

निर्वाचन आयोग के अनुसार ECINET को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं के साथ हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराया गया है। आयोग का कहना है कि प्लेटफॉर्म का उद्देश्य निर्वाचन सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।

ECINET में भारत निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक मोबाइल ऐप और पोर्टलों को एकीकृत किया गया है। इससे मतदाताओं, उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और निर्वाचन अधिकारियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए कई ऐप या पोर्टल इस्तेमाल करने की आवश्यकता कम होगी।

ECINET पर क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

ECINET के माध्यम से मतदाता कई महत्वपूर्ण चुनावी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से:

– नया मतदाता पंजीकरण
– मतदाता सूची में नाम खोजना
– आवेदन की स्थिति जांचना
– डिजिटल वोटर आईडी यानी e-EPIC डाउनलोड करना
– मतदाता पहचान पत्र से संबंधित शिकायत दर्ज करना
– BLO से संपर्क या कॉल बुक करना
– दिव्यांग मतदाताओं के लिए Saksham सुविधाएं
– उम्मीदवारों की जानकारी और शपथ पत्र देखना
– आदर्श आचार संहिता (MCC) उल्लंघन की शिकायत
– वर्तमान चुनाव से संबंधित जानकारी
– पिछले चुनावों का डेटा
– मतदान प्रतिशत और चुनावी रुझान देखना

इस तरह मतदाताओं के लिए कई प्रमुख निर्वाचन सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं।

72 घंटे में जारी हुए चुनावी इंडेक्स कार्ड

ECINET के माध्यम से विधानसभा आम निर्वाचन और उपचुनाव-2026 के इंडेक्स कार्ड मतदान परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के भीतर उपलब्ध कराए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में कई सप्ताह या महीने लग सकते थे। इसमें क्षेत्रीय स्तर पर आंकड़ों का मैनुअल संकलन और प्रविष्टि की जाती थी।

अब डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से यह प्रक्रिया तेज हुई है। इंडेक्स कार्ड में उम्मीदवारों, मतदाताओं, मतदान, मतगणना और राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों को मिले मतों सहित चुनाव से जुड़े आंकड़े उपलब्ध होते हैं।

ECINET पर 40 से अधिक ऐप और पोर्टल का एकीकरण

ECINET को एक ऐसे एकीकृत प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें निर्वाचन आयोग की 40 से अधिक डिजिटल सेवाओं और ऐप/पोर्टल को जोड़ा गया है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार इसका विकास संविधान, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और 1951, निर्वाचक पंजीकरण नियम 1960 तथा निर्वाचन संचालन नियम 1961 के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है।

मीडिया के लिए भी उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म

ECINET को मीडिया के लिए भी चुनावी जानकारी का केंद्रीकृत स्रोत बताया गया है। पत्रकार और मीडिया संस्थान इसके जरिए मतदाता सूची, मतदान केंद्र, चुनाव कार्यक्रम और निर्वाचन संबंधी आधिकारिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

चुनाव के दौरान आधिकारिक आंकड़ों के जरिए फैक्ट चेक और तथ्य सत्यापन करना भी आसान होगा। इससे चुनावी रिपोर्टिंग में आधिकारिक डेटा के इस्तेमाल और समाचारों की सटीकता को बढ़ावा मिल सकता है।

ECINET ऐप कैसे डाउनलोड करें?

ECINET मोबाइल ऐप को भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। आयोग के अनुसार Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म के लिए ऐप उपलब्ध है। वेबसाइट पर ऐप डाउनलोड करने के साथ QR कोड के जरिए डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है।

आधिकारिक जानकारी और ऐप डाउनलोड विकल्प के लिए पर जाएं।

Related Articles