State

कलियासोत कैचमेंट एरिया में अवैध डेयरी पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 2500 वर्गफीट अतिक्रमण हटाया

सरकारी जमीन पर कब्जा कर चल रही थी डेयरी, पुष्पा नगर और बावड़िया कलां में भी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई

भोपाल। कलियासोत डैम के कैचमेंट एरिया और आसपास सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अतिक्रमण अमले ने बरखेड़ी खुर्द क्षेत्र में साक्षी ढाबे के पास सरकारी जमीन पर संचालित अवैध डेयरी के निर्माण को जमींदोज कर दिया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बरखेड़ी खुर्द में खसरा नंबर 35/1 की करीब 5.512 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर डेयरी संचालित की जा रही थी। राजस्व रिकॉर्ड में उक्त भूमि मध्यप्रदेश शासन निस्तार के नाम दर्ज है। इस जमीन पर करीब 2500 वर्गफीट क्षेत्र में अवैध निर्माण किया गया था।

मामले में अपर तहसीलदार द्वारा बेदखली आदेश जारी किए जाने के बाद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध डेयरी परिसर को हटाया।

पुष्पा नगर में अवैध निर्माण का हिस्सा तोड़ा

नगर निगम की टीम ने पुष्पा नगर क्षेत्र में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। भवन अनुज्ञा शाखा को मिली शिकायत के आधार पर एक मकान में किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान मकान के एक हिस्से और दो लेट-बाथ को तोड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण अनुमति और स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।

बावड़िया कलां में सड़क पर कब्जा हटाया

बावड़िया कलां गांव में सड़क पर चादर लगाकर रास्ता बंद किए जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर सड़क बाधित कर रहे अवैध निर्माण को हटाया और मार्ग को सुचारु कराया।

बैरागढ़ स्टेशन रोड से हटाए पत्थर

इसके अलावा बैरागढ़ स्टेशन रोड पर यातायात में बाधा बन रहे पत्थरों को भी हटाया गया। सड़क किनारे रखे इन अवरोधों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में सरकारी जमीनों पर कब्जे, अवैध निर्माण और यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शिकायतों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles