वैशाली नगर के पानी में ई-कोलाई मिलने पर कांग्रेस पार्षदों ने उठाए सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

भोपाल। वैशाली नगर के पेयजल में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान सहित कांग्रेस पार्षदों ने निगम कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात कर जल वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने में नाकाम है। उन्होंने पूरे जल वितरण तंत्र की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
वैशाली नगर में 28 अक्टूबर की जांच रिपोर्ट में 100 मिली पानी में 660 एमपीएन ई-कोलाई मिला था। 13 नवंबर की दूसरी रिपोर्ट में भी इसकी मात्रा 350 एमपीएन पाई गई, जबकि पीने के पानी में इसकी मात्रा शून्य होनी चाहिए। 14 नवंबर को मामला सामने आने के बाद करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है।
निगम ने जांच बढ़ाते हुए मंगलवार को 11 घरों से पानी के नमूने लिए। इससे पहले 14 और 15 नवंबर को 16-16 नमूने लिए गए थे। अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। निगम का दावा है कि पानी में पर्याप्त अवशिष्ट क्लोरीन मिला और दुर्गंध नहीं थी।
रहवासियों को सीवेज लाइन में लीकेज से पेयजल दूषित होने की आशंका है। वायु नगर के चेंबर ओवरफ्लो होने को भी इसकी वजह बताया जा रहा है। कोलार नेटवर्क से नौ जोन के करीब सात लाख लोगों को 1.35 लाख कनेक्शनों के जरिए रोजाना 34 एमएलडी पानी मिलता है। ऐसे में यह मामला बड़े क्षेत्र की जल सुरक्षा से जुड़ा है।





