जीतू पटवारी पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, PAC बैठक में बनेगी आंदोलन की रणनीति

मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा सरकार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनीतिक प्रतिशोध के तहत प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। 11 अगस्त की PAC बैठक में आगे की रणनीति तय होगी।
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के कई विधायकों ने भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उनके परिजनों, सहयोगियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक दबाव के जरिए प्रताड़ित किया जा रहा है।
संयुक्त बयान जारी करते हुए विधायक राजेंद्र सिंह, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, हेमंत कटारे, सतीश सिकरवार, महेश परमार, पंकज उपाध्याय, बाबू जंडेल, दिनेश गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर, नितेंद्र सिंह राठौड़, कैलाश कुशवाह और यादवेंद्र सिंह ने कहा कि जीतू पटवारी किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के मुद्दे उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक द्वेष का निशाना बनाया जा रहा है।
11 अगस्त की PAC बैठक में बनेगी रणनीति
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि 11 अगस्त को भोपाल में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इंदौर पुलिस कमिश्नर से मिलने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जीतू पटवारी, उनके परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रही तो एक दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायक इंदौर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे और कार्रवाई के कारणों की जानकारी मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कांग्रेस इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर जनआंदोलन और धरना भी दे सकती है।
निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
कांग्रेस विधायकों ने इंदौर पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संविधान और कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।





