State

सीख, नेतृत्व और आनंद का संगम: मंथन फाउंडेशन का तीन दिवसीय समर कैंप संपन्न

भोपाल। राजधानी की राम नगर बस्ती के बच्चों और किशोरों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से मंथन फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कैंप का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, नैतिक मूल्यों और जीवन कौशलों से जोड़ते हुए उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था।

120 बच्चों और 20 स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी

समर कैंप में लगभग 120 बच्चों एवं किशोरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि संस्था के 20 स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन दिनों तक चली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने, अभिव्यक्ति और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए गए।

कैंप में जुम्बा, व्यायाम, टीम बिल्डिंग गेम्स, ट्रेजर हंट, जेमिंग सेशन, हैंडराइटिंग अभ्यास, रचनात्मक खेल, समूह चर्चा और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों को उनकी आयु के अनुसार अलग-अलग समूहों में विभाजित कर गतिविधियां संचालित की गईं, जिससे प्रत्येक प्रतिभागी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

सामुदायिक समस्याओं पर बच्चों ने रखे विचार

कैंप की विशेष गतिविधियों में समुदाय की समस्याओं की पहचान और उनके समाधान पर चर्चा शामिल रही। बच्चों और किशोरियों ने बस्ती में फैली गंदगी, कचरा प्रबंधन, शराब सेवन जैसी सामाजिक समस्याओं पर अपने विचार साझा किए और समाधान सुझाए।

गौरव म्हसे ने बताया कि इन समस्याओं का दस्तावेजीकरण कर बच्चों और किशोरियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्षद के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जा सकें। इस गतिविधि ने बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और अपने परिवेश के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ट्रेजर हंट और जेमिंग सेशन बने आकर्षण का केंद्र

समापन दिवस पर आयोजित ट्रेजर हंट, जेमिंग सेशन और समूह गतिविधियों में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, सहयोग भावना और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अध्ययन सामग्री और अल्पाहार वितरित किया गया।

शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष फोकस

मंथन फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, सामाजिक कौशल और सकारात्मक व्यक्तित्व विकास को मजबूत करते हैं। संस्था भविष्य में भी वंचित और कमजोर वर्गों के बच्चों के लिए इसी प्रकार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करती रहेगी।

संस्था ने यह भी जानकारी दी कि जून माह में बस्ती के बच्चों को नजदीकी सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि उनकी शिक्षा निरंतर जारी रह सके और वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

Related Articles