State

पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें : कलेक्टर प्रियंक मिश्रा

भोपाल, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पीएम विश्वकर्मा योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर की अध्यक्षता में बुधवार को बैंक ऑफ इंडिया के अरेरा हिल्स स्थित सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की समीक्षा बैठक हुई। कलेक्टर ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े मामलों का तेजी से निराकरण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।

हर शुक्रवार बैंक शाखाओं में लगेंगे शिविर

कलेक्टर ने जिले की सभी बैंक शाखाओं में प्रत्येक शुक्रवार विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। इन शिविरों में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। आवेदकों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर समाधान

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित या अनुत्तरित नहीं रहनी चाहिए। शिकायतों का संवेदनशीलता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट सुमित पांडेय, अग्रणी जिला प्रबंधक आलोक चक्रवर्ती सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles