State

भोपाल मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम का सीएमआरएस टीम ने किया निरीक्षण, आपात सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा

भोपाल। भोपाल मेट्रो परियोजना के तहत सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रेन परिचालन सुरक्षा व्यवस्था का गुरुवार को दिल्ली से आई कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मेट्रो संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा मानकों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस नीलाभ्र सेनगुप्ता ने सुभाष नगर स्थित मेट्रो डिपो में स्थापित ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (OCC) और डिपो कंट्रोल सेंटर (DCC) का दौरा किया। यहां उन्होंने सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रेन परिचालन नियंत्रण प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

टीम ने कंट्रोल सेंटर से ट्रेनों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था, कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम, सिग्नलिंग नेटवर्क और अन्य तकनीकी प्रणालियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता को भी परखा गया।

आपात स्थिति में सुरक्षा प्रणाली की जांच

सीएमआरएस टीम ने मेट्रो की सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण प्रणालियों का परीक्षण किया। इसमें:

ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) प्रणाली

इंटरलॉकिंग सिस्टम

कम्युनिकेशन सिस्टम

पॉइंट मशीनों की कार्यप्रणाली

आपातकालीन ब्रेकिंग सिस्टम

शामिल रहे।

अधिकारियों ने यह भी जांचा कि किसी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में मेट्रो की सुरक्षा प्रणाली कितनी प्रभावी और सुरक्षित तरीके से काम करती है।

सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक किया निरीक्षण

निरीक्षण के बाद सीएमआरएस टीम ने मेट्रो ट्रेन से सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की। इस दौरान टीम ने दोनों स्टेशनों पर सिग्नलिंग व्यवस्था, परिचालन सुरक्षा मानकों और यात्रियों से जुड़ी तकनीकी सुविधाओं का जायजा लिया।

भोपाल मेट्रो परियोजना में सुरक्षा और तकनीकी मानकों को सुनिश्चित करने के लिए सीएमआरएस निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेट्रो संचालन शुरू करने से पहले सुरक्षा प्रमाणन प्रक्रिया के तहत इस तरह के निरीक्षण किए जाते हैं।

Related Articles