जैन मुनियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव सख्त, अशोकनगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश

भोपाल। दिगम्बर जैन मुनियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए अशोकनगर पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और पूजनीय व्यक्तित्वों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर दिगम्बर जैन समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अनिल जैन और वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र जैन के नेतृत्व में मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्व डीएसपी रेखा जैन और कुछ अन्य लोगों द्वारा पूज्य मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, अशोकनगर जैन समाज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 3 जून को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। शिकायत की जांच के दौरान कुछ नाम सामने आने की बात कही गई है। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि मुनिश्री सुधासागर जी महाराज दिगम्बर जैन समाज के प्रमुख और श्रद्धेय संतों में शामिल हैं। समाज ने मांग की कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद अपने ओएसडी राजेश हिंगडकर को निर्देश दिए कि अशोकनगर पुलिस अधीक्षक को तत्काल मामले में गंभीरता से कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाए। इसके बाद ओएसडी ने अशोकनगर पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा को मुख्यमंत्री के निर्देशों की जानकारी दी।
जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया। समाज के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में ललितपुर, इंदौर, सागर और अशोकनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के समाजजन शामिल रहे।
इस मामले में पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है।





