न
यापुरा क्षेत्र में जिला प्रशासन की कार्रवाई, तीन दिन तक जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
भोपाल। राजधानी में जेल रोड चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जेल रोड स्थित नयापुरा क्षेत्र में सड़क किनारे शासकीय भूमि पर बने पक्के निर्माणों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई करीब दो से तीन घंटे तक चली। प्रशासन ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में जिला प्रशासन, नगर निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि नयापुरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों के कारण जेल रोड चौड़ीकरण का काम प्रभावित हो रहा था।
एनएचएआई के कार्य में आ रही थी बाधा
बैरागढ़ तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह ने बताया कि जेल रोड विस्तार परियोजना के लिए ऐसे निर्माणों को चिन्हित किया गया था, जो सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे थे। उन्होंने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है, ताकि सड़क निर्माण कार्य को गति मिल सके।
पांच खाली दुकानों पर चला बुलडोजर
बैरागढ़ नायब तहसीलदार अंकिता यादववंशी ने बताया कि बुधवार दोपहर शुरू हुई कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली। इस दौरान पांच दुकानों को हटाया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर कुल आठ दुकानें थीं, जिनमें से पांच खाली दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। शेष तीन दुकानों को हटाने की कार्रवाई गुरुवार को की जाएगी।
इसके अलावा कार्रवाई के दौरान तीन बाउंड्रीवॉल भी हटाई गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क चौड़ीकरण की सीमा में आने वाले सभी अतिक्रमणों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
संत हिरदाराम नगर में नालियों से हटाए अतिक्रमण, जल्द शुरू होगा सड़क निर्माण
वहीं नगर निगम के अमले ने बुधवार को संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों के अनुसार, बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
नालियों पर बने अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य प्रभावित होता है, जिससे तेज बारिश के समय पानी की निकासी बाधित होने और जलभराव की स्थिति बनने की संभावना रहती है। निगम ने बताया कि नालियों को अतिक्रमण मुक्त करने के बाद सफाई व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
सड़क निर्माण कार्य को मिलेगी गति
नगर निगम ने बताया कि संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है, जिसके लिए आवश्यक आदेश जारी किए जा चुके हैं। अतिक्रमण हटाने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। निगम का कहना है कि इससे क्षेत्र के नागरिकों को बारिश के मौसम में जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।