बिना लाइसेंस चल रहा था आम्र पैलेस का कैटरिंग कारोबार

–

दीपक साहू किराना में भी मिलीं खामियां
खाद्य सुरक्षा विभाग की विवाहों के सीजन की शुरूआत में होटल और किराना दुकानों पर मिलावटी खाद्य पदार्थो को लेकर छापेमारी शुरू
-विवाह समारोह में परोसे जाने वाले पनीर-गुलाब जामुन के नमूने लिए
-किराना दुकान से बेसन और धनिया पाउडर की जांच

भोपाल, 24 नवंबर. राजधानी में अब शादी समारोहों का सीजन शुरू हो गया है. जिसके चलते खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के कैटरिंग और किराना प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है. इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अब शहर के सभी मेरिज गार्डन में केटरिंग, होटलों के साथ किराना और डेयरियों पर खाद्य पदार्थो के नमूने लेने की प्रक्रिया तेज कर दी. जिससे जनता को दूषित और मिलावटी खाना और मिष्ठान के सेवन से बचाया जा सके. इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोलार रोड स्थित आम्र पैलेस और दीपक साहू किराना पर छापेमारी की कार्रवाई की. इस दौरान पाया गया कि आम्र पैलेस बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल कर रहा था. साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी कमियां भी मिलीं. बैरागढ़ चीचली स्थित आम्र पैलेस में टीम को बिलों और अन्य दस्तावेजों से वर्ष 2025 से खाद्य कारोबार संचालित किए जाने के प्रमाण मिले. इसके बावजूद प्रतिष्ठान के पास खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का लाइसेंस भी नहीं मिला. संचालक के पास गुमास्ता और जीएसटी पंजीयन उपलब्ध थे. जांच के दौरान कैंटीन और भोजन बनाने वाले स्थान पर पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिली. यहां रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि भी समाप्त हो चुकी थी. निरीक्षण के समय परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह आयोजित था. मेहमानों को परोसने के लिए तैयार किए गए भोजन में से पनीर और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए. दस्तावेजों में प्रतिष्ठान का नाम आम्र श्री इवेंट्स दर्ज मिला, जिसमें नंद किशोर मारन सहित अन्य भागीदारों के नाम शामिल हैं.
-किराना दुकान में भी मिलीं अनियमितताएं
खाद्य सुरक्षा दल ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और स्वच्छता संबंधी कमियां मिली जिस पर दल ने बेसन और धनिया पाउडर के जांच के लिए नमूने लिए गए. खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार सभी चार नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. शादी समारोहों को देखते हुए शहर के मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी. बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई के साथ जरूरत पडऩे पर कारोबार बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी.

Exit mobile version