State

संभागायुक्त कार्यालय में शुरू होगी बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था, देर से आने वाले कर्मचारियों पर लगेगा अंकुश

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने किया औचक निरीक्षण, फाइल प्रबंधन और कार्यप्रणाली सुधारने के दिए निर्देश

भोपाल। संभागीय कार्यालयों में प्रशासनिक अनुशासन और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए अब कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाएगी। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को संभागीय कार्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आगामी दिनों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त के अचानक निरीक्षण से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में हलचल रही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, दस्तावेजों के संधारण और राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की।

समय पर कार्यालय पहुंचने की व्यवस्था होगी सुनिश्चित

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू होने से अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति की नियमित निगरानी हो सकेगी। इससे समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा और सरकारी कार्यों में तेजी आएगी।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में संभागायुक्त कार्यालय में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था लागू नहीं है, जिसके कारण कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इससे विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले आम लोगों को अधिकारियों का इंतजार करना पड़ता है।

फाइल प्रबंधन और रिकॉर्ड व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली, फाइल प्रबंधन और ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थापना, लेखा और राजस्व शाखाओं में साफ-सफाई रखने तथा फाइलों का व्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड व्यवस्थित रहने से विभागीय कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होगी और आम नागरिकों से जुड़े मामलों का तेजी से निराकरण किया जा सकेगा।

अपर आयुक्त राजस्व कार्यालय में रिकॉर्ड व्यवस्था पर जोर

संभागायुक्त ने अपर आयुक्त राजस्व कार्यालय का भी निरीक्षण किया और रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी दस्तावेज व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखे जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।

संभागायुक्त ने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, अनुशासन और समयबद्ध कार्य निष्पादन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Related Articles