State

जीआरपी इंदौर की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार, 15 लाख रुपये के आभूषण बरामद

500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी पकड़ाया

भोपाल। रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी इंदौर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।

मध्यप्रदेश पुलिस की रेल इकाई (जीआरपी) के अनुसार, यह कार्रवाई सूक्ष्म विवेचना, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर की गई।

ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हुआ था पर्स

मामला 16 मार्च का है। इंदौर निवासी फरियादिया ने जीआरपी इंदौर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने पति के साथ अहमदाबाद से इंदौर ट्रेन से यात्रा कर रही थीं।

यात्रा के दौरान उन्होंने अपना पर्स सिरहाने रखकर विश्राम किया था। इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्हें पता चला कि अज्ञात व्यक्ति उनका पर्स चोरी कर ले गया है।

चोरी गए सामान में करीब 11.8 तोला सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी शामिल थी। शिकायत के आधार पर जीआरपी इंदौर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इंदौर से रतलाम तक खंगाले 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर अरविंद तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इंदौर से रतलाम तक रेलवे मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। लगातार फुटेज विश्लेषण और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संदिग्ध आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर रखी। आरोपी बार-बार अपनी जगह बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस टीमों को उसकी तलाश में कई राज्यों में भेजा गया।

नीमच से गिरफ्तार हुआ आरोपी

पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद आरोपी को नीमच से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सामान में शामिल—

एक सोने का हार

दो सोने के कंगन

चार सोने की अंगूठियां

एक जोड़ी सोने के टॉप्स

लेडीज पर्स

सहित करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

कई राज्यों में अपराध करना कबूला

पूछताछ में आरोपी ने मध्यप्रदेश के अलावा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और कर्नाटक सहित कई राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

मध्यप्रदेश पुलिस रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे पुलिस को दें।

Related Articles