State

भोपाल मेट्रो की भूमिगत सुरंग का काम तेज, दोनों TBM ने बनाई 260 मीटर सुरंग

भोपाल। भोपाल मेट्रो परियोजना के भूमिगत कॉरिडोर का निर्माण कार्य सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ रहा है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने और सड़क यातायात का दबाव कम करने के लिए भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। इस हिस्से में भोपाल रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन प्रमुख स्टेशन होंगे।

भूमिगत सुरंग का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में दोनों टनल बोरिंग मशीन (TBM) भोपाल रेलवे स्टेशन से ऐशबाग की दिशा में सुरंग बना रही हैं। करीब 60 फीट नीचे बनाई जा रही इन सुरंगों में दोनों TBM अब तक लगभग 260 मीटर निर्माण पूरा कर चुकी हैं।

पहली TBM ने 160 और दूसरी ने 100 मीटर बनाई सुरंग

निर्माण की प्रगति के अनुसार पहली TBM करीब 160 मीटर, जबकि दूसरी TBM करीब 100 मीटर सुरंग बना चुकी है। TBM जमीन के भीतर मिट्टी को काटते हुए आगे बढ़ती है। इसके साथ ही सुरंग के अंदर प्रीकास्ट आरसीसी रिंग लगाई जा रही हैं।

इन आरसीसी रिंग से सुरंग की संरचनात्मक मजबूती और स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलती है। भूमिगत निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

भवनों और जमीन की लगातार निगरानी

भूमिगत निर्माण के दौरान जमीन के बैठने और कंपन जैसी संभावित परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए सुरंग के ऊपर स्थित भवनों और अन्य संरचनाओं में इंस्ट्रूमेंटेशन एंड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है।

इस सिस्टम के जरिए जमीन या आसपास की संरचनाओं में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव की समय रहते जानकारी मिल सकती है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।

श्रमिकों की सुरक्षा पर भी फोकस

सुरंग के अंदर काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा के लिए फ्रेश एयर वेंटिलेशन सिस्टम और गैस मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। सुरंग में गैस की नियमित जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

भूमिगत निर्माण के दौरान आम लोगों, आसपास की इमारतों और श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए काम आगे बढ़ाया जा रहा है। भोपाल के घनी आबादी वाले हिस्सों में भूमिगत मेट्रो का यह कॉरिडोर भविष्य में शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Related Articles