
भोपाल में जनविश्वास शिविर के दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 105 आवेदन मिले। नगर निगम ने 30 मामलों का तत्काल निराकरण किया, शेष आवेदनों का एक-दो सप्ताह में निपटारा होगा।
जनविश्वास शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 30 आवेदन का तत्काल निराकरण
भोपाल। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत नगर निगम द्वारा आयोजित जनविश्वास शिविरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। शुक्रवार को जन्म-मृत्यु शाखा में 105 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष मामलों में आवश्यक जांच और जिला रजिस्ट्रार की अनुमति के बाद एक से दो सप्ताह में कार्रवाई पूरी की जाएगी।
वार्ड और जोन कार्यालयों में भी मिल रही सुविधा
नगर निगम के रजिस्ट्रार सत्य प्रकाश बड़गैया ने बताया कि नागरिकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा आसान और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए सभी जोन और वार्ड कार्यालयों में भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। इसके लिए नागरिकों को नगर निगम मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
21 दिन के भीतर कराएं पंजीयन
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जन्म या मृत्यु की घटना के 21 दिन के भीतर पंजीयन के लिए आवेदन करें। निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने पर प्रक्रिया सरल रहती है, जबकि देरी होने पर अतिरिक्त वैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है।
नगर निगम का कहना है कि जन-विश्वास अभियान-2026 का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना है।





