State

भोपाल मंडल ने दो माह में कमाया 350 करोड़ से अधिक राजस्व, यात्री टिकट बुकिंग से हुई सर्वाधिक आय

अप्रैल-मई में 71 लाख से अधिक यात्री टिकट बुक, माल परिवहन से 143.65 करोड़ रुपये की आय

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो महीनों में राजस्व अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अप्रैल और मई 2026 में मंडल को कुल 350.30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग और परिचालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

यात्री टिकटों से 177 करोड़ रुपये से अधिक की आय

भोपाल मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल और मई माह में राजस्व के प्रमुख स्रोत इस प्रकार रहे—

– यात्री टिकटों की बुकिंग से: 177.39 करोड़ रुपये
– माल परिवहन से: 143.65 करोड़ रुपये
– टिकट चेकिंग से: 9.53 करोड़ रुपये
– अन्य कोचिंग आय से: 13.34 करोड़ रुपये
– विविध आय से: 15.93 करोड़ रुपये

इस अवधि में मंडल द्वारा 71.07 लाख यात्री टिकटों की बुकिंग की गई, जबकि टिकट चेकिंग अभियान के दौरान 1.32 लाख मामलों से 9.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

माल परिवहन से भी मजबूत आय

भोपाल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया। अप्रैल और मई माह में करीब 1.23 मिलियन टन माल का परिवहन किया गया, जिससे मंडल को 143.65 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

उपभोक्ता सुविधाओं और राजस्व वृद्धि पर जोर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि रेल राजस्व बढ़ाने के लिए विभाग टीम भावना के साथ लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि भोपाल मंडल रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और शिकायत रहित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही राजस्व वृद्धि के लिए यात्री सेवाओं, टिकटिंग व्यवस्था और माल परिवहन को मजबूत करने पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles