State

बारिश से पहले भोपाल के नाले हुए साफ, जलभराव रोकने निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान

भोपाल, 19 जून। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम भोपाल द्वारा वर्षा पूर्व नाला सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अमले ने शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया है।

नगर निगम के अनुसार सफाई अभियान के बाद शहर के नाले साफ-सुथरे दिखाई दे रहे हैं, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और जलभराव की संभावना कम होने की उम्मीद है। निगम द्वारा सफाई के बाद भी नालों की लगातार निगरानी की जा रही है। कहीं भी कचरा, मलबा या गाद जमा मिलने पर तत्काल सफाई कराई जा रही है।

184 नाले-नालियों की हुई सफाई

नगर निगम ने बताया कि वर्षा पूर्व सफाई अभियान के तहत जोन क्रमांक-1 से 21 तक लगभग 184 छोटे-बड़े नालों की सफाई कराई गई है। इनमें कैंची छोला, विशाल शादी हॉल, द्वारका नगर, इब्राहिमगंज, शिरीन नदी, गुफा मंदिर, नारियलखेड़ा, इंदिरा नगर, मिसरोद, स्नेह नगर, जाटखेड़ी, साकेत नगर, बीडीए कॉलोनी, अल्कापुरी, पिपलिया पेंदे खां, प्रगति नगर, बरखेड़ा पठानी, अवधपुरी, लक्ष्मी नगर, नरेला संकरी, आनंद नगर, कोलुआ, पातरा, ऐशबाग, रिवेयरा टाउन, पंचशील नगर, एकांत पार्क, अप्सरा, बिजली कॉलोनी, गुरुनानक पुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के नाले शामिल हैं।

इसके अलावा बैरागढ़ बस स्टैंड, भैंसाखेड़ी, जमुनिया, कोलूखेड़ी, संत हिरदाराम विसर्जन घाट, रविंद्र भवन, प्रोफेसर कॉलोनी, हिंदी भवन, हसनात नगर, स्मार्ट पार्क, जज कॉलोनी, इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय, 25वीं बटालियन, सूरज नगर, बरखेड़ी खुर्द, दामखेड़ा, सूर्या कॉलोनी, बांसखेड़ी, अब्बास नगर से अकबरपुर, सनखेड़ी, मंदाकिनी जैन मंदिर, गणेश नगर, शारदा नगर, बड़वाई, भोपाल मेमोरियल अस्पताल, रासलाखेड़ी, करोद हाउसिंग बोर्ड, समरधा, इंडस टाउन और अंशुल विहार सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफाई कार्य कराया गया है।

नालों का किया गया गहरीकरण और चौड़ीकरण

निगम प्रशासन ने बताया कि कई स्थानों पर नालों का गहरीकरण, चौड़ीकरण तथा मरम्मत एवं संधारण कार्य भी कराया गया है। बड़े नालों की सफाई के लिए पोकलेन मशीनों का उपयोग किया गया।

सफाई अभियान के दौरान नाला गैंग के श्रमिकों की मदद से लगभग 1000 ट्रिप कचरा, मलबा, गाद और मिट्टी हटाई गई।

अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश

निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही सभी प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारियों, सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों और जोन-वार्ड क्षेत्रों में नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नाला-नालियों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों और नालियों में कचरा न डालें, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Related Articles