State

योजनाओं में देरी और लापरवाही पर सचिवों व रोजगार सहायकों पर होगी कार्रवाई

फंदा जनपद की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने समय-सीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश

भोपाल, 17 नवंबर। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने मंगलवार को जनपद पंचायत फंदा में विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। लापरवाही और अनावश्यक देरी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, बीबीजी राम जी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम पंचायतवार स्वीकृत, निर्माणाधीन और अधूरे आवासों की स्थिति देखी गई। सीईओ ने पात्र हितग्राहियों को समय पर किश्तों का भुगतान करने और 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। जिन पंचायतों में बिना कारण हितग्राहियों की किश्त रोकी गई है, वहां संबंधित सचिव और रोजगार सहायकों के खिलाफ कार्रवाई के प्रस्ताव मांगे गए।

बीबीजी राम जी योजना के स्वीकृत कार्य जल्द शुरू करने, श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार देने और मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कचरा संग्रहण, सामुदायिक स्वच्छता परिसर और ओडीएफ प्लस की प्रगति की समीक्षा हुई।

बैठक में आंगनवाड़ी, पंचायत और सामुदायिक भवनों के निर्माण, स्मार्ट फिश पार्लर, 14वें और 15वें वित्त आयोग तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास के लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त सीईओ शंकर पांसे, जनपद सीईओ शिवानी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक मौजूद रहे।

Related Articles