सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 730 व्यावसायिक संस्थान सील

आवासीय उपयोग के भवनों में चल रहे होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों पर निगम की कार्रवाई जारी
भोपाल, 17 नवंबर। आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत भवनों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी है। निगम के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में अब तक शहर में 730 व्यावसायिक संस्थानों, होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों को सील किया जा चुका है।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर भवन अनुज्ञा और राजस्व विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में यह कार्रवाई की। इसमें आवासीय उपयोग के लिए जारी भवन अनुज्ञा या आवंटन के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले परिसर शामिल हैं। इनमें दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट और टाइल्स की दुकानें भी शामिल हैं।
निगम ने यह कार्रवाई नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 303 (1) और मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम 2012 के नियम 11 के तहत की है। कार्रवाई से पहले संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए गए थे। निगम आयुक्त ने इस मामले में सख्ती बरतते हुए कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।





