जोधपुर-चेन्नई के बीच चलेगी 5 ट्रिप साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन, भोपाल मंडल के पांच स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
भोपाल। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने जोधपुर और चेन्नई के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को चेन्नई और राजस्थान की ओर यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, जोधपुर-चेन्नई बीच और एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर के बीच यह स्पेशल ट्रेन कुल 5-5 ट्रिप संचालित की जाएगी।
जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक स्पेशल
गाड़ी संख्या 04815 जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 27 जून 2026 से 25 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा।
यह ट्रेन जोधपुर स्टेशन से रात 9:20 बजे रवाना होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए सोमवार को शाम 8:00 बजे चेन्नई बीच स्टेशन पहुंचेगी।
चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 04816 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 30 जून 2026 से 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी।
यह ट्रेन एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से शाम 5:15 बजे रवाना होकर गुरुवार को रात 8:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह विशेष रेल सेवा मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इनमें मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, वरंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, बापटला, चीराला, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर और नायडुपेटा स्टेशन शामिल हैं।
19 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने बताया कि इस समर स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। इनमें:
– 2 द्वितीय वातानुकूलित (2AC) कोच,
– 15 तृतीय वातानुकूलित (3AC) कोच,
– 2 गार्ड/सामान यान शामिल हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी, ठहराव और अन्य जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा रेल मदद हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त कर लें।