
भोपाल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
भोपाल, 15 जून। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी जिला नियंत्रक दल ने निशातपुरा थाना क्षेत्र के पलासी इलाके में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान मौके से 17 पेटी और 40 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि आबकारी टीम को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पलासी क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर आबकारी दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान वहां से ऑफिसर चॉइस, सेंट्रल प्रोविंसेस और बकार्डी ब्रांड की शराब बरामद हुई। मौके पर मौजूद आरोपी टीम को देखकर फरार हो गया।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, जिस स्थान से शराब बरामद की गई, वहां आरोपी अकेला रहता था, जिसके कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभाग द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रहा अभियान
राजधानी में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन, सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन और नियंत्रण कक्ष प्रभारी आरजी भदौरिया के नेतृत्व में की जा रही है।
यह कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल द्वारा की गई, जिसमें सहायक जिला आबकारी अधिकारी विवेक सक्सेना सहित विभागीय कर्मचारियों की भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





