State

13.850 किलो एमडी ड्रग और 9.109 किलो केमिकल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़

भोपाल। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित एमडी (MD) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार एमडी ड्रग, रासायनिक पदार्थ और निर्माण में उपयोग किए जा रहे उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग, 9 किलो 109 ग्राम केमिकल और ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बाजखेड़ी गांव में दबिश देकर पकड़ी फैक्ट्री

मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में थाना नई आबादी पुलिस की विशेष टीम ने ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत में बने पक्के मकान पर दबिश दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि यहां अवैध रूप से सिंथेटिक ड्रग तैयार करने का काम किया जा रहा था। मौके से ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए।

ड्रग नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर सिंथेटिक ड्रग के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई

मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा है कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस का कहना है कि सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण और तस्करी से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

Related Articles