महंगाई के खिलाफ कोलार में कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, चूल्हा जलाकर जताया विरोध

भोपाल, 27 अगस्त। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के कोलार ब्लॉक कांग्रेस ने गुरुवार को मंदाकिनी चौराहे पर बढ़ती महंगाई के विरोध में अनूठा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और कोलार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हुआ।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चूल्हा जलाकर महंगाई का विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को माला पहनाई, बाइक पर चादर ओढ़ाकर फूल चढ़ाए और आम लोगों को राखी व चीनी बांटी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘सखी सैंया तो बहुत ही कमाल हैं, महंगाई डायन खाए जात है’ गीत गाकर महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चीनी बांटते हुए कहा कि इसके दाम 70 रुपये प्रति किलो से अधिक हो गए हैं। उनका आरोप है कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों से रक्षाबंधन के त्योहार पर आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
जनहित में जारी रहेगा संघर्ष : राहुल सिंह राठौड़
कोलार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने कहा कि आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी लोग महंगाई से परेशान हैं। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जनहित में लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ नेता सुखलाल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव महक राणा, अमित मीणा, योगेश सराठे, नितिन राजोरिया, गायत्री प्रसाद शर्मा, रत्ना ताई, चम्पालाल मीना सहित मंडलम अध्यक्ष, कांग्रेस पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





