State

भोपाल किराना व्यापारी महासंघ ने कहा- शुल्क लागू होने से व्यापारियों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ

UPI पर MDR शुल्क टालना स्वागत योग्य, इसे पूरी तरह खत्म किया जाए: भोपाल। भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने UPI लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क को दीपावली तक टालने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने मांग की है कि शुल्क को केवल स्थगित करने के बजाय स्थायी रूप से समाप्त किया जाए, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को डिजिटल भुगतान में अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े।विवेक साहू ने कहा कि त्योहारों के दौरान सरकार और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) का शुल्क स्थगित करने का फैसला व्यापारियों को राहत देने वाला है। हालांकि, व्यापारियों को लंबे समय तक राहत देने के लिए MDR शुल्क को पूरी तरह खत्म करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक व्यापारी और ग्राहक तेजी से UPI के माध्यम से भुगतान कर रहे हैं। डिजिटल भुगतान से लेन-देन आसान हुआ है और नकदी रखने की जरूरत भी कम हुई है। ऐसे में इस पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से डिजिटल भुगतान व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

व्यापारियों पर बढ़ सकता है आर्थिक बोझ

साहू के अनुसार, बाजार में नकदी के सीमित प्रवाह के बीच MDR शुल्क लागू होने से व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है। इससे छोटे दुकानदारों पर अधिक असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए इसे व्यापारियों के लिए किफायती बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से आग्रह किया कि व्यापारी हितों और डिजिटल इंडिया की भावना को ध्यान में रखते हुए UPI पर MDR शुल्क समाप्त करने का निर्णय लिया जाए।

Related Articles