
भोपाल। जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट के मामले में गुरुवार को आनंद मावा भंडार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग ने प्रतिष्ठान को 15 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब भी तलब किया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने पूर्व में प्रतिष्ठान से दूध, पनीर और मावा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। गुरुवार को प्राप्त जांच रिपोर्ट में पनीर अमानक और मिलावटी पाया गया, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट के अनुसार पनीर के नमूने में बीआर (BR) रीडिंग 48.7 दर्ज की गई, जो पाम तेल या अन्य वनस्पति वसा की मिलावट की संभावना दर्शाती है। वहीं आरएम (RM) वैल्यू 0.80 पाई गई, जो निर्धारित मानकों से काफी कम है।
रिपोर्ट में मावा का नमूना भी मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसमें मिल्क फैट 22.18 प्रतिशत तथा आरएम वैल्यू 1.83 पाई गई, जो निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रतिष्ठान का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





