11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह

भाजपा कार्यकर्ताओं से जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और इतिहास को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान
भोपाल, 5 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत जनजातीय बहुल गांवों में चौपाल, छात्रावासों में संपर्क, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान और महिला हितग्राहियों से संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 नवंबर को स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्ज्वलन तथा 15 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय महासचिव व सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, संघटक वी. सतीश, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनजातीय समाज के महापुरुषों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनजातीय नायकों को इतिहास में मिले उचित स्थान
राष्ट्रीय महासचिव गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की स्वतंत्रता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्र की रक्षा में अतुलनीय योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, भीमा नायक, खाज्या नायक, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और वीर नारायण सिंह जैसे नायकों ने अंग्रेजी शासन और विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष किया। उनके बलिदान को इतिहास में उचित स्थान दिलाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर समाज के नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानी चाहिए।
जनजातीय बहुल गांवों में होंगी चौपाल
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बताया कि सप्ताह के दौरान प्रत्येक जिले में 50 प्रतिशत या उससे अधिक जनजातीय आबादी वाले गांवों को चिह्नित कर चौपाल आयोजित की जाएंगी। इनमें जनजातीय महापुरुषों के योगदान, संस्कृति, परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण में समाज की भूमिका पर चर्चा होगी। स्थानीय नायकों के इतिहास और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
14 नवंबर को स्वच्छता और दीप प्रज्ज्वलन
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने बताया कि 11 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर जनजातीय समाज के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पत्रकार-वार्ता होगी। 14 नवंबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं, देवस्थलों, मंदिरों और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक महत्व के स्थानों की सफाई के बाद शाम को दीप प्रज्ज्वलन होगा। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर सभी जिला मुख्यालयों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और सावित्री ठाकुर सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, पार्टी पदाधिकारी और जनजातीय मोर्चा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





